05 जनवरी 2012

अंतर

क्यों बुनती रहती हो तुम
शब्दों के मकड़ जाल
उलझा कर कागज़ के टुकड़ों पर
फिर कहती हो 
हल करो पहेलियाँ 
देखो कितने रंग भर के बनाई है
कितने गूढ़ रहस्य छिपे हैं
इन तस्वीरों में 

ज़िन्दगी पहले ही 
कम उलझी हुई नहीं है क्या
खुलते ही नहीं ज़िन्दगी 
के रहस्य
पार कर लूं एक दरवाज़ा
तो फिर से सामने आ जाता
दूसरा बंद कमरा 

और तुम्हारा यह कहना
भी लगता है गैर वाजिब 
तुम तो निरे बुद्धू हो
नहीं समझ पाते तुम
शब्दों की जटिलता
नहीं करना आता तुम को 
भावों का सम्प्रेषण 
नहीं कहनी आती तुम्हे 
कविता 

दिल करता है मेरा 
तेरी आँखों पर अटके हुए
चश्में को उतार
हौले से तेरे 
नाजुक गालों को पकड़
तेरे माथे की तलहटी पर
अपने गरम होंठ रख दूं
और पी जाऊं तेरी
जुल्फों की महक 
और पूछूं तुमसे
क्या नहीं हुआ
भावों का सम्प्रेषण
क्या नहीं कही
कविता मैंने  


04 दिसंबर 2011

चिरंतन तलब.................श्री नसीब चेतन



एक सिगरेट
तेरे अतृप्त लबों की तलब
एक पैकेट
मेरी जेब के अन्दर सरकता है
एक मुश्किल
सिर्फ सुलगाने की है


ये कैसी बस्ती है
यहाँ हर बशर
किसी जुगनू का सर पकड़
आग सुलगाने की
असफल सी कोशिश करे
यख़ सर्द मौसम में
कंपकपाने से डरे
सर्दी मारे शरीर की
बेचारा मन जरे


ये सभी सडकें
नपुंसकों के वजूद का
हो गयीं शिकार
सर्दी मारे शरीर पहने
काठ के उल्लुओं को
कैसे चढ़ेगा बुखार


ये सरापी जगह
हमारी चिरंतन तलब की
पूरक बने........
संभव नहीं


चलो कहीं और चलें हम
पत्थर से पत्थर टकरा कर  
कोई चिंगारी निकालें
लबों पर सुलगता हुआ
सिगरेट तो रखें.

30 नवंबर 2011

रिश्ता.............. श्री नसीब चेतन

रिश्तों में बंधी ज़िन्दगी
कच्ची डोर का जाल
रिश्ते मौसम के गुलाम
पानी की तरह बदल लेते हैं रूप 


राखी में महक उठती है हवस
भर लेता खून स्वांग ज़हर का
पंख लग जाते दूध की मिठास को


मगर पत्थर मौसम की क़ैद से आज़ाद हैं
उन पर नहीं पानी का असर
पत्थर है एक रिश्ता काम का


रिश्तों में बंधी ज़िन्दगी
कच्ची डोर का जाल
रिश्ते मौसम के गुलाम
पानी की तरह बदल लेते हैं रूप

26 नवंबर 2011

बात बेचारी


               श्री नसीब चेतन                
             
हवा की तरह बात उड़ी 
उड़ती रही
कानों से जीभों तलक
जीभों से कानों तक
चलती रही
जूठन बनी कई जीभों का
कई कानों का उतार
कुडती  रही

कुछ कानों ने घोला नाम
कुछ जीभों ने खाकर लिया चाट
भाव शब्दों के  बदले
अर्थ लंगडा  कर चले
उतरों की कैनवस पर
विषैले साँपों जैसे 
प्रश्नों ने कुछ रंग भरे
सच का उड़ा मज़ाक
झूठ की चमक मरी
कर्मों मारी
बात बेचारी
हंसी में से फिसलती
तल्खियों से गुज़रती
भावों में से छलकती
महफ़िलों को करती रंगीन
रास्तों से शर्माती हुई
चुप में चिल्लाती हुई
सोच की दलदल को करके पार
बिगड़े अंगो को संभाल
आसमान पर
जा बैठी

हवा की तरह बात उड़ी 
उड़ती रही