क्यों बुनती रहती हो तुम
शब्दों के मकड़ जाल
उलझा कर कागज़ के टुकड़ों पर
फिर कहती हो
हल करो पहेलियाँ
देखो कितने रंग भर के बनाई है
कितने गूढ़ रहस्य छिपे हैं
इन तस्वीरों में
ज़िन्दगी पहले ही
कम उलझी हुई नहीं है क्या
खुलते ही नहीं ज़िन्दगी
के रहस्य
पार कर लूं एक दरवाज़ा
तो फिर से सामने आ जाता
दूसरा बंद कमरा
और तुम्हारा यह कहना
भी लगता है गैर वाजिब
तुम तो निरे बुद्धू हो
नहीं समझ पाते तुम
शब्दों की जटिलता
नहीं करना आता तुम को
भावों का सम्प्रेषण
नहीं कहनी आती तुम्हे
कविता
दिल करता है मेरा
तेरी आँखों पर अटके हुए
चश्में को उतार
हौले से तेरे
नाजुक गालों को पकड़
तेरे माथे की तलहटी पर
अपने गरम होंठ रख दूं
और पी जाऊं तेरी
जुल्फों की महक
और पूछूं तुमसे
क्या नहीं हुआ
भावों का सम्प्रेषण
क्या नहीं कही
कविता मैंने